मेरठ। पिलोखड़ी चौकी में बंद पति को छुड़ाने के लिए दो महिलाएं पहुंची। दोनों ने पुलिस से एक ही युवक को अपना पति बताते हुए छोड़ने की मांग की तो उनमें मारपीट शुरू हो गई। पुलिसकर्मी तमाशबीन बनकर देखते रहे। लोगों ने उनका बीच-बचाव कराया। दोनों महिलाओं ने लिसाड़ी गेट थाने में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जाकिर कॉलोनी निवासी एक युवक को हिरासत में लिया था। रात करीब 10 बजे एक महिला उसे छुड़ाने के लिए चौकी पहुंची। इसी बीच एक और महिला पहुंची। उसने भी युवक को अपना पति बताते हुए छोड़ने की बात कही। एक ही युवक को दो महिलाओं द्वारा पति बताने पर उनके बीच चौकी के बाहर गाली-गलौज और मारपीट हो गई। कुछ लोगों ने उन्हें अलग-अलग कराया। दोनों लिसाड़ी गेट थाने पहुंची और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। वहीं मारपीट का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। संवाद