रोहटा। क्षेत्र में आवारा गोवंश की समस्या बढ़ती जा रही है। वहीं, हिंसक होने पर गोवंश खेतों व गांवों में लोगों पर हमला कर रहे हैं। रविवार की रात रोहटा ब्लॉक में किसानों ने गोवंश से अपनी फसलों को नुकसान से बचाने के लिए गोवंशों को ब्लॉक परिसर में बंद कर ताला लगा दिया। सोमवार सुबह अधिकारी कार्यालय पहुंचे तो जानकारी हुई। एक माह पूर्व गोवंशों ने एक बैंक कर्मी व महिला को टक्कर मारकर मौत के घाट उतार दिया था। तब से गांवों में प्रशासन के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।
रोहटा खंड विकास कार्यालय परिसर में रविवार को एकत्रित हुए किसानों ने आवारा गोवंशों का पीछा करते हुए चहारदीवारी में बंद कर ताला लगा दिया। किसानों का आरोप है कि अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। आवारा गोवंश लगातार उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
सोमवार सुबह जब ब्लाॅक के अधिकारी कार्यालय पहुंचे तो देखा कि खाली पड़ी डाकघर की चहारदीवारी के अंदर पशु बंद कर ताला लगा हुआ था। इसके बाद अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ताला खोलकर सभी गोवंश को बाहर निकाला। विकास खंड अधिकारी प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गोवंश को क्रूरता दिखाते हुए बंद कर दिया था। जिनको निकाल दिया गया है। ऐसे लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आवारा गोवंशों के हमले से जिंजोखर निवासी बैंककर्मी व मीरपुर गांव में महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद भी ब्लॉक प्रशासन आवारा गोवंशों को संरक्षित करने से तो गया, किसानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात की जा रही है। जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष है।