मेरठ। मलियाना में युवक राजू की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी के पिता को पूछताछ के बाद छोड़ दिया। राजू के परिजनों ने पड़ोसी जितेंद्र उर्फ छोटू पर आरोप लगाया था कि उधार में दिए गए पांच हजार रुपये मांगने पर उसने बुरी तरह पीटा था। बाद में अधमरा कर घर के बाहर फेंक दिया गया। अस्पताल में राजू की मौत हो गई थी। पुलिस ने गैरइरादतन हत्या में केस दर्ज किया था।
टीपीनगर थाना प्रभारी संत शरण सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। इसलिए विसरा जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूछताछ के लिए आरोपी के पिता को भी हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया है। मामले की जांच जारी है।