कंकरखेड़ा। राजस्थान पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हेड कांस्टेबल का बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में कंकरखेड़ा से लापता हो गया। वह दो दिन पूर्व मेरठ से घर (राजस्थान) के लिए निकला था। परिजनों ने बुधवार रात थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। युवक सरधना रोड पर एक रेस्टोरेंट में काम करता था। बृहस्पतिवार को युवक की बहन की लगन-सगाई थी। जिसकी छह फरवरी को शादी है। पुलिस युवक की तलाश में जुट गई है।
राजस्थान के पिनाहट गांव निवासी बृज बिहारी ने बुधवार रात थाने में तहरीर देते हुए बताया कि वह जयपुर के कनौता थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है। उनका बेटा अमित सिंह (22) पिछले एक साल से सरधना रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर काम कर रहा था। युवक की बहन की बृहस्पतिवार को लगन सगाई में शामिल होने के लिए युवक दो दिन पूर्व ही घर के लिए यहां से निकला था।
पीड़ित पिता ने बताया कि युवक तभी से लापता है। उसका फोन भी बंद आ रहा है। परिजनों ने मेरठ व रिश्तेदारी में युवक की तलाश की। मगर सुराग नहीं लग सका। परिजनों ने रेस्टोरेंट मालिक से संपर्क किया। मालिक ने बताया कि वह दो दिन पूर्व शाम के समय घर के लिए निकल गया था। युवक लापता होने से परिजनों का रोकर बुरा हाल है। परिजन बुधवार रात कंकरखेड़ा थाना पहुंचे और युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस रेलवे स्टेशन व बस अड्डे के सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। युवक की तलाश के लिए एक टीम लगा दी गई है।