किठौर। थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर शनिवार को राधना के जंगल में छापा मारकर तमंचा बनाने की एक फैक्टरी पकड़ी। इस दौरान करीब एक दर्जन बने तथा अधबने तमंचे, उनको बनाने की उपकरण तथा कारतूस बरामद किए। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों का बड़ा नेटवर्क है। पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी अपराध सौरभ मिश्रा का कहना है कि शनिवार को पुलिस जांच चल रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि राधना के जंगल में एक खेत में कुछ लोग तमंचा बना रहे हैं। पुलिस ने खेत की घेराबंदी कर ली। पुलिस को खेत से कुछ आवाज आई। इसके बाद पुलिस खेत में घुस गई। वहां कुछ लोग तमंचा बना रहे थे। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे। घेराबंदी कर चार लोगों को पकड़ा गया।
मौके से 10 बने तमंचे, एक अधबना, चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। चारों आरोपी राधना के रहने वाले हैं। उन्होंने अपना नाम नासिर, नाजिम, शोएब और मुजीब बताया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का बहुत बडा नेटवर्क है। उक्त लोग कहां-कहां और किस-किस को सप्लाई करते हैं। इसका पता लगाया जा रहा है। जल्द ही गिरोह के बाकी लोगो को गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद