खरखौदा(मेरठ)। हापुड़ रोड स्थित पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की मीट फैक्टरी से नमूने लेने की कार्रवाई बुधवार को पूरी हुई। टीम ने करीब 70 नमूने मंगलवार को और 28 नमूने बुधवार को एकत्र किए। इसके बाद एमडीए की टीम ने फैक्टरी को सील कर दिया। सभी नमूनों को पुलिस ने खाद्य विभाग की केंद्रीय प्रयोगशाला में जमा कराया है।
करीब दस माह पहले गांव अल्लीपुर स्थित पूर्व मंत्री हाजी याकूब की मीट फैक्टरी में छापा मारकर लिए गए सभी मीट के नमूनों में फंगस मिली थी। हाजी याकूब पक्ष के अधिवक्ता ने पुलिस द्वारा कराई गई जांच पर अविश्वास जताकर दोबारा से जांच कराने की मांग की थी। दोबारा जांच में मीट सही मिला था। कोर्ट से मीट का रिलीज ऑर्डर मिलने पर अभियोजन पक्ष ने कोर्ट से मीट की जांच केंद्रीय स्तर की प्रयोगशाला में कराने की मांग की। जांच के लिए मीट के 98 नमूने लिए जाने थे। मंगलवार को खाद्य विभाग समेत कई विभागों की टीम ने फैक्टरी से 70 नमूने भरे। बाकी के 28 नमूने बुधवार को लिए गए। पुलिस ने सभी नमूनों को गाजियाबाद स्थित खाद्य विभाग की केंद्रीय प्रयोगशाला में जांच के लिए दाखिल कराया।