मुजफ्फरनगर के छात्र ने फांसी लगाकर जान दी
मेरठ। मलियाना में किराए पर रहने वाले छात्र ने शुक्रवार शाम को पंखे से लटककर फांसी लगाकर जान दे दी। एसओ टीपीनगर दिनेश चंद्र के अनुसार मुजफ्फरनगर के जानसठ थाना क्षेत्र के सैदपुर निवासी मुजम्मिल (20) जानी थाना क्षेत्र के एक शिक्षण संस्थान में मेडिकल के कोर्स की पढ़ाई करता था। छात्र टीपीनगर क्षेत्र के मलियाना में शिवम गोयल के मकान में तीन माह से किराए पर रह रहा था। शुक्रवार शाम छात्र के दोस्त कमरे पर पहुंचे, इस दौरान मोबाइल कॉल भी रिसीव नहीं हुई। उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद छात्र के दोस्तों और मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। रात में परिजनों ने पुलिस को लिखकर दिया कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते। एसओ ने बताया कि शव का पंचनामा भर दिया गया।