हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर शव रखकर लगाया जाम
मोदीनगर। बीते शनिवार से लापता युवक की मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग करते हुए बुधवार रात भोजपुर थाने पर जमकर हंगामा किया और थाने के सामने शव रखकर हापुड़ मार्ग पर जाम लगा दिया। युवक का शव दो दिन पूर्व मुरादनगर थाना क्षेत्र स्थित गंगनहर से बरामद हुआ था। पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भरकर मृतक की तलाश शुरू कर दी थी। भोजपुर पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बतादें कि दो दिन पूर्व मुरादनगर गंगनहर पटरी पर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव की शिनाख्त मंगलवार को भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव अमराला निवासी राजकुमार के 25 वर्षीय बिट्टू के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि बिट्टू सिखैड़ा मार्ग स्थित एक प्राईवेट कंपनी में कारीगर था। गत शनिवार को बिट्टू काम पर गया था, मगर वह लौटा नहीं। बिट्टू काम के सिलसिल मे कई कई दिन तक बाहर रहता था। परिजन यही समझते रहे कि बिट्टू काम के सिलसिले में कहीं गया होगा। मंगलवार को मुरादनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात शव का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो परिजनों ने उसकी शिनाख्त बिट्टू के रूप में की। परिजन मुरादनगर थाने पहुंचे और कपड़ों तथा फोटों के आधार पर शिनाख्त की। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद बिट्टू का शव मिला। परिजनों ने शव लेकर पहुंची गाड़ी को भोजपुर थाने के सामने खड़ी कर हापुड़ मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजनों ने बिट्टू को अगवा कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। पुलिसकर्मी आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास करते रहें। करीब 30 मिनट से अधिक समय तक हंगामा होता रहा। इस दौरान मोदीनगर-हापुड़ मार्ग पर भीषण जाम लग गया। परिजनों ने बताया कि बिट्टू एक दिव्यांग दंपती की सेवा करता था, इस बात से कुछ लोग रंजिश रखते थे। सप्ताहभर पूर्व उन्होंने बिट्टू को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। आरोप लगाया कि उसी रंजिश के चलते बिट्टू की हत्याकर हादसा दर्शाने का षडयंत्र रचा गया है। काफी देर तक हंगामा प्रदर्शन करने के बाद अधिकारियों के कारवाई के आश्वासन पर परिजनों ने जाम खोल दिया। भोजपुर के कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि परिजनों ने बिट्टू की गुमशुदगी दर्ज नहीं कराई थी। उसका शव मुरादनगर थाना क्षेत्र में गंगनहर से बरामद हुआ है। परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।