सरधना (मेरठ)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल गोपीचंद की डेढ़ माह पहले तांत्रिक ने गला काटकर हत्या कर दी थी। इससे पूर्व तांत्रिक ने गोपीचंद से लेकर डेढ़ लाख रुपये लेकर चित्रकूट में रहने वाली अपनी प्रेमिका के खाते में ट्रांसफर किए थे। वहीं, प्रेमिका ने तांत्रिक के खाते में एक लाख रुपये लौटा दिए हैं। हालांकि अभी तक गंगा नदी में गोपीचंद का शव बरामद नहीं हो सका है।
दिल्ली पुलिस के हेडकॉन्स्टेबल गोपीचंद की चार प्रेमिकाओं के नाम सामने आ चुके हैं, जिनमें से कुछ समय पहले एक युवती की मौत हो चुकी है। गोपीचंद की पत्नी रेखा उसके प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रही थी। उससे छुटकारा पाने के लिए उसने तांत्रिक गणेशानंद को सुपारी दी थी। उसने तांत्रिक को डेढ़ लाख रुपये भी दिए थे। गणेशानंद जानता था कि तंत्र-मंत्र से वह गोपीचंद की पत्नी का कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ऐसे में रुपये वापस न देने पड़ें, इस लालच में उसने गोपीचंद की हत्या कर दी। हत्यारोपी गणेशानंद हत्या के बाद चित्रकूट प्रेमिका के पास चला गया था। पुलिस ने चित्रकूट में रहने वाली तांत्रिक की प्रेमिका से पूछताछ की तो उसने बताया कि गणेशानंद से उसने एक लाख रुपये उधार लिए थे, जो बैंक खाते के माध्यम से वापस कर दिए हैं।
वहीं अपराध निरीक्षक बृज किशोर का कहना है कि आरोपी तांत्रिक को दो दिन की रिमांड पर लेकर गंगा नदी में शव तलाश किया था लेकिन अभी तक हेडकॉन्स्टेबल के शव को बरामद नहीं किया जा सका है।