निकाय चुनाव : शराब तस्करों की सूची होगी तैयार, पुलिस कसेगी शिकंजा
मेरठ। नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस शराब तस्करों व अवैध शस्त्रों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाने वाली है। पुलिस ने शराब तस्करों की थानावार सूची बनानी शुरू कर दी है। जल्द उन पर शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस का मानना है कि शराब तस्करों व अवैध शस्त्रों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करके शांतिपूर्ण मतदान कराया जाएगा।
जिले में पहले भी मादक पदार्थों व अवैध शस्त्रों के खिलाफ अभियान चलाया जाता रहा है। इसमें जिला पुलिस के अलावा एसटीएफ व एटीएस की टीम भी लगी रहती है। इसके बावजूद चुनाव नजदीक आते ही अवैध शराब व शस्त्रों की खरीद-फरोख्त में इजाफा होने लगता है। चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए अवैध शराब का इस्तेमाल बड़े स्तर पर किया जाता रहा है। आसपास के राज्यों से भी अवैध शराब मंगाई जाने लगती है। इसी तरह अवैध शस्त्रों का धंधा भी तेज हो जाता है। शहर में अवैध शराब का कारोबार सबसे ज्यादा टीपीनगर, ब्रह्मपुरी, सदर बाजार व मेडिकल थाना क्षेत्र में चलता है। थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में शराब तस्करी करने वालों की सूची बनाना शुरू कर दिया है।
लाइसेंसी शस्त्र भी हाेंगे जमा
नगर निकाय चुनाव की घोषणा होते ही लाइसेंसी शस्त्र भी जमा कराए जाएंगे। पुलिस थानावार शस्त्र लाइसेंस धारकों की सूची तैयार कर रही है। जल्द ही पुलिस लाइसेंसी शस्त्र जमा कराने के निर्देश जारी कर सकती है। पुलिस ने अवैध शराब तस्करों की भी सूची बनाकर उनकी गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण कराने में किसी तरह की लापरवाही बरतना नहीं चाहती है।
22 पाउच के साथ एक तस्कर दबोचा
टीपीनगर पुलिस ने नई बस्ती के पास से रिंकू पुत्र प्यारेलाल निवासी नई बस्ती टावर वाली गली को गिरफ्तार किया है। रिंकू के पास से अवैध शराब के 22 पाउच बरामद किए हैं। पुलिस ने शराब तस्कर को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस पूरी तरह अलर्ट
नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। शराब तस्करों व अवैध शस्त्रों के धंधेे से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अगर किसी की भी इन कारोबार में भूमिका संदिग्ध पाई गई तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -पीयूष सिंह, एसपी सिटी