मवाना। सांसद चंदन चौहान ने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर गांव नंगली ईसा में अंडरपास के निर्माण और विभिन्न मार्गों के पुनर्निर्माण की मांग की। वहीं, लोकसभा में नियम 377 के तहत हस्तिनापुर को एक आधिकारिक तीर्थ स्थल और सांस्कृतिक धरोहर के रूप में घोषित करने की मांग उठाई। सांसद प्रतिनिधि युगांश राणा ने बताया कि सांसद चंदन चौहान केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर संसदीय क्षेत्र बिजनौर लोकसभा के अंतर्गत विधानसभा हस्तिनापुर क्षेत्र में एनएच-119 पर गांव नंगली ईसा में किसानों एवं आमजन की सुविधा के लिए अंडरपास का निर्माण कराए जाने एवं अन्य विभिन्न मार्गों का पुनर्निर्माण कराए जाने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने मामले को संज्ञान में लेते हुए अंडरपास के निर्माण की मांग को शीघ्र पूर्ण कराने का आश्वासन दिया और जल्द ही अन्य सड़क मार्गों को भी दुरुस्त करने के दिशा निर्देश संबंधित को दिए।