जिला अस्पताल में विश्व दृष्टि दिवस का आयोजन
फोटो
मेरठ। प्यारेलाल शर्मा जिला अस्पताल के रेडक्रॉस भवन में बृहस्पतिवार को विश्व दृष्टि दिवस मनाया गया।
जिला चिकित्सालय की प्रमुख अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी विज की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। यहां नेत्र विभागाध्यक्ष डॉ. अलका शर्मा ने कहा कि कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल-कॉलेज बंद हैं। ऐसे में बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। मोबाइल का अधिक इस्तेमाल बच्चों की आंखों को कमजोर कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में ऐसे बच्चों की संख्या बढ़ी है जिनकी आंखों की रोशनी घटी है। डॉ. कौशलेंद्र ने बच्चों की दृष्टिहीनता के संबंध में जानकारी दी। इसके अतिरिक्त नेत्रों की देखभाल के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डॉ. कौशलेंद्र, डॉ. अशोक कटारिया व डॉ. अंशिमा अग्रवाल ने कहा कि पौष्टिक आहार की कमी के चलते बच्चों की आंखें कमजोर हो जाती हैं। ऐसे में बच्चों को लेकर विशेष सावधानी बरतें। उनकी समय-समय पर आंखें टेस्ट कराते रहें। डॉ. विकास चौधरी ने कहा कि इस साल की थीम दृष्टि में आशा के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ. अरुणा यादव ने कहा कि लगातार मोबाइल एवं कंप्यूटर पर काम करना है तो बीच-बीच में आंखों को आराम दें। आंख में यदि कोई परेशानी है तो नेत्र रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। दीपावली नजदीक आ रही ऐसे में पटाखों से बच्चों को दूर रखें।