दौराला - नीट में सफलता प्राप्त करने वाले मोहम्मद उमर। स्रोत : परिजन
दौराला। समौली निवासी मोहम्मद उमर रिजवी ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शानदार सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पिता अब्बास रिजवी ने बताया कि बेटे मोहम्मद उमर रिजवी ने सेंट मैरी स्कूल से इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी करने के बाद नीट परीक्षा की तैयारी की। कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 18309 तथा सामान्य वर्ग में 6991वीं रैंक प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है और गांव में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। उमर के मामा समाजसेवी अनामी रिजवी ने बताया कि उमर बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया है।