शत्रु संपत्ति के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घेरी तहसील
मोदीनगर। प्रशासन की ओर से नगर के सीकरी खुर्द और उसके आसपास की दर्जनों कॉलोनियों की करीब 18 सौ बीघा जमीन को शत्रु संपत्ति घोषित करने के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने तहसील का घेराव कर हंगामा प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
बतादें कि सीकरी खुर्द और उसके आसपास कई कॉलोनियों की लगभग 18सौ बीघा भूमि को प्रशासन ने शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया था। इसके विरोध में लोग लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को एक बार फिर सैकड़ों की संख्या में लोग सीकरी पेट्रोल पंप पर एकत्रित होकर हाथ में तख्ती और बैनर लेकर जुलूूस के रूप में तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां लोगों ने जमकर नारेबाजी की और हंगामा प्रदर्शन किया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य बबली गुर्जर ने बताया कि इस मामले को लेकर कई स्तर पर उनकी अधिकारियों से वार्ता भी हो चुकी है। मामला गृह मंत्रालय तक पहुंचा हुआ है। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की है। बताया गया था कि कमेटी ग्रामीणों की समस्या सुनेंगी और उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी। आरोप लगाया कि जिलाधिकारी द्वारा गठित कमेटी जांच सही तरीके से नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारी एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। घंटों नारेबाजी होती रही। उपजिलाधिकारी ने लोगों को उनकी मांगे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने तथा निष्पक्ष जांच करने का भरोसा देकर शांत किया। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अनिल गौतम, कालूराम, गौरव माहेश्वरी, नबाव प्रधान, ममता चौधरी, मुनेंद्र पहलवान, अमित कसाना, नीरज प्रजापति, ममता चौधरी तथा रामदत्त शर्मा आदि सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।