माछरा/किठौर (मेरठ)। थाना किठौर क्षेत्र के गांव नंगली अब्दुल्ला माछरा से 19 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने शामली निवासी युवक को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। नंगली अब्दुल्ला माछरा निवासी व्यक्ति ने थाना किठौर में प्राथमिकी दर्ज कराई कि उसकी 19 वर्षीय बहन 21 अगस्त की सुबह 10 बजे से अचानक लापता हो गई। उसे कई जगह तलाश किया गया लेकिन वह नहीं मिली। पीड़ित ने शामली जनपद के गांव जंधेड़ी निवासी सचिन कुमार को नामजद कराया है। आरोप है कि आरोपी उसकी बहन को बहला फुसलाकर कहीं ले गया है। सीओ किठौर सौम्या अस्थाना का कहना है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। शनिवार देर शाम पुलिस द्वारा लड़की को सकुशल तलाश लिया गया है। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। वहीं नामजद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।