लापता सराफ का शव किठौर में मिला
एक सप्ताह पूर्व मवाना से हुआ था लापता, परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
संवाद न्यूज एजेंसी
किठौर। एक सप्ताह पूर्व मवाना से लापता सराफ का शव मंगलवार को किठौर थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर गंगा किनारे मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व मवाना से लापता मोहल्ला हीरालाल निवासी विकास वर्मा का शव गंगा में मिला है। सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की शनाख्त की। परिजन कई दिनों से विकास की तलाश कर रहे थे। मोहल्ला हीरालाल निवासी विनीत ने चार अक्तूबर को मवाना थाने में भाई विकास की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि विकास घर से करीब 10:30 बजे स्कूटी लेकर निकाला था। उसके बाद नहीं लौटा। उसकी स्कूटी मखदूमपुर में मंदिर के पास मिली है।