शिवालिक पहाड़ियों में धूं धूं कर जलती यात्री बस। श्रोत राहगीर
सहारनपुर, बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर शिवालिक की पहाड़ियों में मोहंड से आगे 14 सीटर मिनी बस में अचानक आग लग गई। आग लगती देख बस यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई।
दिल्ली निवासी एक परिवार के दस सदस्य 14 सीटर मिनी बस में सवार होकर देहरादून रिश्तेदारी में जा रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही शुक्रवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे बस मोहंड से आगे पहुंची तभी अचानक उसके अगले हिस्से में आग लग गई। आग लगी देख सवारियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए। जान बचाने के लिए कोई खिड़की से कूद गया तो दरवाजे से निकलकर भागा। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित रहे।
कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई। जिस जगह हादसा हुआ वहां मोबाइल नेटवर्क नहीं है। इस कारण समय रहते पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी। किसी वाहन चालक की सूचना के बाद जब तक बिहारीगढ़ थाने की मोहंड पुलिस मौके पहुंची बस जलकर राख हो चुकी थी। इसके बाद बस की सवारियां दूसरे वाहन से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने बताया कि आग लगने की वजह बस का गरम होना माना जा रहा है। बस की सभी सवारियां सुरक्षित हैं और दूसरे वाहन से देहरादून के लिए रवाना हो गईं।
- यह बोले प्रत्यक्षदर्शी
देहरादून निवासी सचिन जैन ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कार में सहारनपुर से देहरादून की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने चल रही बस में आग लग गई। कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। बस में भगदड़ मची हुई थी। जैसे ही सभी लोग बस से नीचे उतरे, देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई और जलकर राख हो गई।