मेरठ। छह दिन से बंद नवीन मंडी में फल सड़कर खराब हो रहे हैं। इसके कारण फल मंडी में दुर्गंध फैल रही है। फल व्यापारियों का आरोप है कि मंडी समिति और जिला प्रशासन मंडी खोलने का कोई स्पष्ट आदेश जारी नहीं कर रहा है। उन्हेें मंडी से फल निकालने का भी समय नहीं दिया। इसके कारण व्यापारियों का लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। नवीन फल मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष हाजी इरशाद का कहना है कि फल मंडी व्यापारियों को भारी नुकसान हुआ है। व्यापारियों पर मंडी समिति द्वारा जागृति विहार मंडी जाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, लेकिन वहां पर फलों को स्टॉक करने की व्यवस्था नहीं है। धूप में फलों को नहीं रखा जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से फलों की आपूर्ति सुचारू रखने के लिए नवीन फल मंडी में ही व्यवस्था कराने की मांग की। मंडी समिति सचिव नरेंद्र कुमार ने कहा कि हमने सब्जी मंडी व्यापारियों के साथ साथ फल विक्रेताओं से भी जागृति विहार में अपना माल बेचने का सुझाव दिया है। फल विक्रेता जागृति विहार एक्सटेंशन नहीं पहुंच रहे हैं। यह बात सही है कि गोदामों में रखे काफी फल खराब हो गए हैं।