मवाना। नगर में एक दिन राइट, एक दिन लेफ्ट साइड का बाजार खोला जा रहा है। लेकिन कुछ दुकानदार जबरन दोनों दिन बाजार खोल रहे हैं। ऐसे दुकानदारों की लगातार शिकायत की जा रही है। यदि ऐसे दुकानदारों पर कार्रवाई नहीं होती है तो यह स्थिति व्यापारियों में विवाद का कारण बन सकती है। वहीं बाजार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं हो रहा है। नगर में शुक्रवार को राइट साइड का बाजार खोला गया था। शनिवार को लेफ्ट साइड का बाजार खोला गया। वहीं कुछ दुकानदार व्यापारिक संगठनों के निर्णय को दरकिनार कर लगातार दुकान खोल रहे हैं। वहीं कुछ दुकानदार ऐसे हैं जिनकी दुकानों के शटर दोनों और हैं तथा कुछ दुकानदारों के गोदाम दूसरी ओर हैं। ऐसे में ये लोग लगातार दुकानें खोल रहे हैं। इसे लेकर व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया है। दो दिन से लगातार व्यापारियों द्वारा ऐसे व्यापारियों के खिलाफ शिकायत कर रहे हैं। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि पुलिस लगातार गश्त कर रही है। जो इस प्रकार लगातार दुकानें खोल रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।