सरधना। दिवाली और ऐतिहासिक रोमन कैथोलिक चर्च के महोत्सव को लेकर सरधना थाने में गणमान्य लोगों की बैठक हुई। इसमें त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा की गई। लोगों ने पुलिस के सामने कई सुझाव रखे, जिसमें बाहरी वाहनों के लिए पार्किंग स्थान निर्धारित करना शामिल था। उन्होंने बाजारों में ऊंचे वाहनों से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए बिजली के तारों की ऊंचाई जांचने का सुझाव दिया। लोगों ने प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाने और यातायात व्यवस्था बेहतर रखने पर भी जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताई, जिससे मौके पर समस्याओं का समाधान नहीं हो सका। प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार मिश्रा, सूर्यदेव त्यागी, ऐनुद्दीन शाह, पंकज जैन, विनोद जैन, मंगू प्रधान, ललित गुप्ता, शानू जैन, डॉ. ओमकार पुंडीर, निजाम अंसारी, रक्षित गर्ग, खालिद अंसारी, नवीन त्यागी आदि मौजूद रहे।