सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कचहरी के बाहर शुक्रवार को प्रेम विवाह करने वाले पति-पत्नी के बीच मोबाइल को लेकर विवाद हो गया। दोनों में खींचतान के दौरान युवक के कपड़े फट गए। युवक यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर पुलिस लाइन में ट्रेनिंग कर रहा है। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को लेकर थाने ले आ गई। यहां दोनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
सीओ सिविल लाइन विश्व ज्योति राय ने बताया कि मूल रूप से मुजफ्फरनगर के जानसठ निवासी युवक मेरठ पुलिस लाइन में सिपाही की ट्रेनिंग कर रहा है। युवक का लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व ब्रह्मपुरी निवासी युवती से प्रेम विवाह हुआ था। छह महीने से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। युवती ने फरवरी में ब्रह्मपुरी थाने पर युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसकी विवेचना अभी चल रही है।
शुक्रवार को दोनों की मुलाकात मेरठ कचहरी के पास हो गई। इसी दौरान युवती ने युवक से अपना मोबाइल वापस मांगा। मोबाइल को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। युवती ने युवक के कपड़े पकड़ लिए। खींचतान में युवक के कपड़े फट गए। सड़क पर हो रहे हंगामे से अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। एक राहगीर ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। थाने में काफी देर तक दोनों पक्षों से बातचीत हुई। सीओ सिविल लाइन का कहना है कि किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। दोनों पक्ष आपस में बात करके खुद ही थाने से चले गए।