एक बार फिर धूप और गर्म मौसम के साथ सुबह की शुरुआत हुई। बृहस्पतिवार को मौसम पूरी तरह साफ नजर आया। आसमान में बादल न होने के कारण तेज धूप निकली, जिससे दिन की शुरुआत के साथ ही गर्मी का असर महसूस होने लगा। तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और दोपहर तक गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया।
मौसम विभाग के अनुसार, हवा की गति धीमी होने के कारण वातावरण में ठहराव बना हुआ है, जिससे गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ गया है। सुबह के समय हल्की ठंडक के बाद जैसे-जैसे दिन चढ़ा, धूप की तीव्रता बढ़ती चली गई। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर जारी रहने की संभावना है।
हवा के शांत रहने से तापमान में और वृद्धि हो सकती है।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही का कहना है कि अभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय चल रहा है, जिस कारण मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। तीन व चार अप्रैल को मेरठ समेत आसपास के जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।