पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गर्मी बढ़ती जा रही है और पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है। चिलचिलाती धूप के बीच मौसम के तेवर तल्ख हो गए हैं। सुबह से ही आसमान से बरस रही आग के बीच तापमान भी 40 डिग्री के ऊपर पहुंच गया है। दिन में गर्मी चरम पर रहेगी और रात को राहत मिलने के आसार हैं।
सोमवार को ही पहली बार दिन का तापमान 41. 4 डिग्री पर पहुंचा था, जो इस सीजन में सबसे ज्यादा रहा है। पिछले दो दिन से गर्मी और लू ने रफ्तार पकड़ ली है। तापमान बढ़ने के साथ लू का असर भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। दोपहर के समय बाजारों में भी और सड़कों पर भी सन्नाटा सा छा जाता है।
यह भी पढ़ें: Rs 2000 Exchange: आज से बदलें दो हजार रुपये के नोट, बैंकों ने की है ये व्यवस्था, कई अपना रहे अनोखे तरीके
गर्मी का असर मंगलवार को भी सुबह से ही दिखाई दिया। तेज धूप के बीच घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। वेस्ट यूपी में गर्मी का असर आज दिनभर बना रहेगा। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना हे कि आज शाम/ रात्रि से मौसम बदलेगा।
उन्होंने बताया कि चमक व तेज हवा के साथ 23 से 26 तक बारिश की प्रबल संभावना है, जिसके चलते तापमान में भी गिरावट आएगी और बढ़ते प्रदूषण से भी राहत मिलेगी। पिछले तीन-चार दिन से लगातार प्रदूषण का स्तर भी ज्यादा होने के कारण सोमवार को मेरठ देश का तीसरा सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर रहा है। अब उम्मीद की जा रही है कि बारिश होने के बाद ही राहत मिल सकती है।