मेरठ के किठौर थानाक्षेत्र में राधना के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में किठौर निवासी बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया गया कि तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कैंटर चालक की तलाश और आगे की कार्रवाई भी पुलिस द्वारा की जा रही है।