फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut: मेडिकल कॉलेज में बढ़ेंगी चिकित्सा सुविधाएं, जल्द शुरू होंगे तीन ऑपरेशन थियेटर, निजी वार्ड व बर्न यूनिट

Mon, 06 Feb 2023 01:06 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ मेडिकल कॉलेज में अब इलाज और भी आसान हो जाएगा। जल्द ही तीन नई यूनिट शुरू होने जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज में पिछले करीब 30 सालों से बंद पड़े 50 निजी (प्राइवेट) वार्डों को भी इसी माह शुरू करने की तैयारी है।
विज्ञापन
meerut medical - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में इसी माह (फरवरी) में तीन सुविधाएं शुरू करने की तैयारी है। इनमें इमरजेंसी में तीन ऑपरेशन थियेटर, निजी वार्ड और बर्न यूनिट शामिल हैं। इससे मरीजों को इलाज में आसानी होगी। 

विज्ञापन


इमरजेंसी में तीन ऑपरेशन थियेटर शुरू किए जाएंगे। इससे इमरजेंसी में आए गंभीर मरीजों को ऑपरेशन के लिए दूसरी बिल्डिंग में नहीं ले जाना पड़ेगा। भर्ती कर यहीं ऑपरेशन कर दिया जाएगा। अभी तक इमरजेंसी में आए मरीजों को ऑपरेशन के लिए दूसरी बिल्डिंग में ले जाना पड़ता है। 

दूसरी तरफ, मेडिकल कॉलेज में पिछले करीब 30 सालों से बंद पड़े 50 निजी (प्राइवेट) वार्डों को भी इसी माह शुरू करने की तैयारी है। चार साल पहले लाखों रुपये खर्च कर इनका नवीकरण (रिनोवेशन) किया गया था, लेकिन ये शुरू नहीं हो सके हैं। ये वार्ड 1978 में बने थे, लेकिन साल 1992 में इन्हें बंद कर दिया गया। इसकी वजह स्टाफ की कमी बताई जा रही थी।

विज्ञापन
विज्ञापन

मेडिकल में पहले से कार्यरत स्टाफ को ही इसमें लगाया गया था, लेकिन उन्होंने डबल ड्यूटी करने से इन्कार कर दिया था। फिलहाल दो वार्डों को ऑफिस के रूप में संचालित किया जा रहा है, जबकि बाकी बंद पड़े हैं। अब इनमें से कुछ वार्डों को शुरू करने की करने की तैयारी की जा रही है। 

करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनी बर्न यूनिट का लोकार्पण 10 मई 2022 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था, लेकिन यह अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। अब इसके शुरू होने की उम्मीद जगी है।

इस बर्न यूनिट में पांच बेड की आईसीयू और 20 बेड का जनरल वार्ड है। मेडिकल कॉलेज में हर माह 30 से 35 जले हुए मरीज आते हैं। इनमें हल्के फुल्के जले हुए मरीजों को तो इलाज मिल जाता है, लेकिन मेडिकल आए जले हुए गंभीर मरीजों को दिल्ली या किसी अन्य जिले में रेफर करना पड़ता है। 

सात लाख से ज्यादा मरीज आते हैं हर साल 
मेडिकल कॉलेज में हर साल सात लाख से ज्यादा मरीज इलाज के लिए आते हैं। पिछले साल ओपीडी में 6,92,079 मरीज आए, इनके अलावा 50,333 मरीज भर्ती किए गए और 43,140 छोटे और बड़े ऑपरेशन किए गए। 

पूरी है तैयारी, मिल गई अनुमति  
फरवरी में मेडिकल कॉलेज में तीन सुविधाएं शुरू करने की पूरी तैयारी है। इनमें इमरजेंसी में तीन ओटी (ऑपरेशन थियेटर), निजी वार्ड और बर्न यूनिट शामिल है। शासन से इन्हें शुरू करने की हरी झंडी मिल गई है। - डॉ. आरसी गुप्ता, प्राचार्य, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें