मेरठ : दूध लेने जा रही महिला को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत
हस्तिनापुर। दूध लेने जा रही अनाज मंडी निवासी एक महिला को अंबेडकर मार्केट के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया। गंभीर अवस्था में महिला को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, ट्रैक्टर को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया।
कस्बे की अनाज मंडी निवासी सुमन भाटी (48) पत्नी सतपाल भाटी रविवार शाम घर से दूध लेने के लिए डेरी पर जा रही थी। जब वह अंबेडकर मार्केट में पहुंची तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने महिला को कुचल दिया। ट्रैक्टर के पहिये महिला के ऊपर से उतर गए। गंभीर रूप से घायल महिला की कुछ देर बाद मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
दुकानदारों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर पुलिस ने मौके से भाग रहे ट्रैक्टर चालक को कुछ दूरी पर पकड़ लिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पति ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। सुमन के तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। दो बेटे अभी अविवाहित हैं। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर चालक पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। ट्रैक्टर और चालक दोनों को हिरासत में लिया है।