नगर के स्क्रैप कारोबारी को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रंगदारी नहीं देने पर उनको तथा उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित व्यापारी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अटौरा रोड अराफात मस्जिद के हाजी इकबाल रहते हैं। उनका स्क्रैप का कारोबार है। बताया गया है कि उनके फोन पर ६ दिसंबर को अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उनको धमकी देते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। बताया गया है कि कॉल करने वाले बदमाश 6 दिसंबर से ही लगातार धमकी दे रहे हैं। रंगदारी नहीं देने पर काल करने वाले ने उनको तथा उनके बेटे को हत्या की धमकी दी है।
इस संबंध में पीडित व्यापारी का परिवार दहशत में है। पीडित व्यापारी ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। बताया गया है कि व्यापारी को दो नंबरों से काल कर धमकी दी जा रही थी। थाना प्रभारी सुभाष सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि रंगदारी मांगने की तहरीर व्यापारी हाजी इकबाल द्वारा दी गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।