परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर में मलियाना गांव निवासी ई-कामर्स कंपनी के सुपरवाइजर अतुल सिरोही से छह बाइक सवार लगभग 12 बदमाशों ने कलेक्शन के 1.57 लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने हमला कर सुपरवाइजर को घायल कर दिया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
टीपी नगर थाना क्षेत्र के मलियाना निवासी अतुल सिरोही शताब्दीनगर स्थित ई-कामर्स कंपनी अमेजन में सुपरवाइजर के पद पर काम करते हैं। कंपनी से गाजियाबाद, बागपत, बुलंदशहर सहित पांच जिलों में सामान की आपूर्ति की जाती है। परतापुर थाने में तहरीर देते हुए अतुल ने बताया कि रोजाना की तरह शाम को वह अपने घर जा रहे थे। पंचवटी रोड पर पीछे से आ रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी सेंट्रो कार के आगे बाइक लगा दी। कार रुकने पर सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों से और बदमाश निकले और हाकी व डंडों से हमला कर दिया।
बदमाशों ने उनकी कार में तोड़फोड़ कर लैपटॉप बैग लूट लिया। जिसमें 1.57 लाख रुपये रखे थे। इसके बाद बदमाश स्कूटी व बाइक पर सवार होकर भाग गए। कुछ ही दूरी पर सड़क किनारे लैपटॉप का बैग पड़ा मिला, लेकिन रुपये नहीं थे। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। घायल का मेडिकल परिक्षण करा दिया गया है। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही हैं।