तेल काराबारी धर्नेंद्र जैन के बेटे विवेक जैन की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर परिजन नाराज हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। विवेक की लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद नहीं हुई है। अभी इस मामले में टीपी नगर थाने में विवेचना चल रही है। बिसरा सुरक्षित रखा गया था और एफएसएल की रिपोर्ट नहीं आने के कारण चार्जशीट और अन्य कार्रवाई भी नहीं हो सकी है।
टीपी नगर क्षेत्र के महावीरजी नगर निवासी तेल कारोबारी धर्नेंद्र जैन के बेटे विवेक जैन की पिछले साल मौत हो गई थी। विवेक की पत्नी सोना जैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया। सोना ने आरोप लगाया कि उनके पति की कुसैड़ी गांव निवासी महिला सोनिया से जान पहचान थी। करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने की नीयत से विवेक की हत्या की गई है। शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया।
इस मामले में सोना का कहना है कि टीपीनगर थाने में सोनिया, उसके भाई अमित और पिता राजेंद्र के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज है। इसके बावजूद पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। सोना का आरोप है कि वसीयत के आधार पर विवेक की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से हत्या की गई है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि बिसरा प्रिजर्व और एफएसएल की रिपोर्ट नहीं आने के कारण कार्रवाई नहीं हुई है। जल्द ही इस मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।