माई सिटी रिपोर्टर, मेरठ। सेंट्रल मार्केट मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश से व्यापारियों में बेचैनी बनी हुई है। शास्त्रीनगर, जागृति विहार समेत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापारियों की ओर से एक लाख परिवारों की रोजी रोटी पर संकट की बात कहते हुए बैनर लगाए गए हैं। इनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश से पूरा क्षेत्र उजड़ जाएगा। एक लाख से अधिक परिवारों की रोजी रोटी छिन जाएगी। बृहस्पतिवार को व्यापार बचाओ संघर्ष समिति की ओर से बाजार में पोस्टकार्ड वितरित किए। सभी व्यापारियों, ग्राहकों, कर्मचारियों को पोस्टकार्ड वितरित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यापारियों ने गुहार लगाई। महिलाओं द्वारा अपना व्यापार खतरे में आने को कहा और ये भी बोला कि व्यापार ही नहीं रहेगा तो हमारे परिवार कहां जाएंगे। पोस्टकार्ड वितरण में संरक्षक सतीश गर्ग, संयोजक जितेंद्र अग्रवाल, नानक चंद शर्मा, आलोक सोम, विनीत गुप्ता, निमत जैन, शुभम दुबलिश, देवेंद्र मिनर्वा आदि रहे।