फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: आवारा कुत्तों ने रालोद नेता के भतीजे पर बोला हमला, 8वीं तक के सभी स्कूल 12 जनवरी तक बंद

Sat, 07 Jan 2023 09:34 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी और उनके बेटे इमरान को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित किया था। दोनों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही थी। गैंगस्टर कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:22 PM, 07-Jan-2023

मेरठ में डीएम दीपक मीणा ने कक्षा आठ तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में 12 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है।

09:20 PM, 07-Jan-2023

अंबेहटा में गन्ने से लदी ओवरलोड टैक्टर-ट्रॉली के एलटी लाइन से टकरा जाने से तारों में भयंकर आग लग गई। वहीं तारों में आग लगने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। शनिवार की देर रात गन्ने से लदी ओवरलोड टैक्टर-ट्रॉली जैसे ही मुख्य बस स्टैंड पर पहुंची तो ऊपर से गुजर रही एलटी लाइन से टच हो गई। जिस कारण तारों में आग लगने के साथ ही जोरदार धमाका हुआ।

उधर, आग व धमाके की आवाज सुनकर दुकानदार डर गए और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि तुरंत बिजली चली गई नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद टैक्टर चालक टैक्टर छोड़कर फरार हो गया।

लोगों का कहना है कि दो दिन पूर्व एक जगह से हटकर दूसरी जगह लगाए गए पोल के बाद तारों को ढीला छोड़ दिया गया है, जिस कारण यह हादसा हुआ। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने टैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बिजली विभाग के जेई से बात कर तारों को ऊपर कराने को कहा है।

07:34 PM, 07-Jan-2023

गंगनहर में अज्ञात महिला का शव मिला

सहारनपुर जनपद के बड़गांव में बेलडा पुलिया के समीप गंगनहर में गला सड़ा अज्ञात महिला का शव पानी में तैरता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं पुलिस मृतका की पहचान कराने में जुटी है।

शनिवार शाम बड़गांव-देवबंद मार्ग पर बेलडा पुलिया के समीप गंगनहर में अज्ञात महिला का गला सड़ा शव पानी में तैरता मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलकर पहचान कराई लेकिन, शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम पर भेजा है। 

इंस्पेक्टर प्रवेश कुमार का कहना है कि गला सड़ा एक महिला का शव मिला है, जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।

विज्ञापन
07:11 PM, 07-Jan-2023

आजमगढ़ के एसपी के मामा पर जानलेवा हमला
बागपत में गाली-गलौच का विरोध करने पर आजमगढ़ के एसपी अनुराग आर्य के मामा पर तीन लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने घायल का सीएचसी में उपचार कराकर तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया।

छपरौली के रहने वाले यादवेंद्र पुत्र ईश्वर सिंह ने बताया कि चार दिसंबर की शाम वह अपने किसी काम से घर से निकले थे। तभी गली में ही रास्ते में तीन लोगों ने उनको रोक लिया और उनके साथ गाली-गलौच करने लगे। जिसका विरोध करने पर उनके सिर पर लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। पडोसियों ने उनके घर जाकर जानकारी दी तो परिवार वालों ने वहां आकर उनको बचाया।

आरोप लगाया कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। उधर, सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल का सीएचसी में उपचार कराया। वह आजमगढ़ के एसपी अनुराग आर्य के मामा है।

इस मामले में थाना प्रभारी नितिन पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर सेवाराम खोखर, सुधीर खोखर व चुन्नू खोखर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुकदमे की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

07:07 PM, 07-Jan-2023

आवारा कुत्तों ने रालोद नेता के भतीजे को किया घायल

राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता सुनील रोहटा के भतीजे रोहित साहू पर शनिवार शाम को आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल में उपचार दिलाया गया।  

रालोद नेता सुनील रोहटा के भतीजे व माउंट लिट्रा जी स्कूल के चेयरमैन अनिल कुमार का बेटा रोहित अपने आवास गायत्री ग्रीन कॉलोनी से किसी काम से बाहर जा रहा था। जैसे ही वह बाहर निकला, अचानक आवारा कुत्तों ने रोहित पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने रोहित को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने रोहित को बचाया। रोहित साहू मेरठ के उभरते हुए कलाकार है, जिनकी हरियाणी व पंजाबी भाषाओं में किसान एंथम, टेम्परेरी लव जैसी दर्जनों एल्बम रिलीज हो चुकी है l

सुनील रोहटा ने वर्तमान सरकार को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आवारा कुत्तों के कहर से आम जनमानस पीड़ित है। जिसके लिए प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।

विज्ञापन
07:04 PM, 07-Jan-2023

अनुसूचित जाति की युवती से छेड़छाड़, आरोपी को एक साल की सजा

बिजनौर में स्पेशल जज एससी एसटी एक्ट अवधेश कुमार ने अनुसूचित जाति की युवती से छेड़छाड़ के मामले में महेश सैनी को दोषी पाते हुए एक वर्ष के कारावास और दो हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

शासकीय अधिवक्ता शलभ शर्मा के अनुसार हल्दौर निवासी एक युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह नौ मार्च 2017 को दोपहर दो बजे अपनी बहन के साथ हल्दौर के बालकिशनपुर चौराहे पर लकड़ी चुगने गई थी। लकड़ी लेकर जब घर आने की तैयारी में थी। तब हल्दौर के मोहल्ला रईसान निवासी महेश कुमार सैनी ने उसके व उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। वह अशोभनीय बातों पर उतर आया और बदतमीजी करने लगा।

उन्होंने पास की दुकान से 100 नंबर पर डायल करके पुलिस बुलाई थी। पुलिस महेश को पकड़कर थाने ले गई थी। महेश ने उन्हें धमकी दी कि वह कल छुटकर आ जाएगा और उन्हें देख लेगा।

अब अदालत ने इस मामले में मेहश सैनी को युवती से छेड़छाड़ और अश्लील फब्तीयां कसने और जान से मारने की धमकी देना का दोषी पाते हुए सजा सुनाई है।

03:44 PM, 07-Jan-2023

जेल गए पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी और उनका बेटा इमरान, कड़ी सुरक्षा के बीच जेल में दाखिल हुए। देखें ये वीडियो-

02:48 PM, 07-Jan-2023
अर्चना - फोटो : social media

बिग बॉस में आज दिखेंगे अर्चना के भाई गुलशन 

बिग बॉस सीजन 16 की फेम अर्चना गौतम का समर्थन करने आज उनके भाई गुलशन गौतम बिग बॉस के घर में दिखाई देंगे। भाई गुलशन ने बताया कि शूटिंग मुंबई में पूरी हो गई है। शनिवार को वीकेंड के वार के एपिसोड में वह बहन अर्चना के पक्ष में बोलते नजर आएंगे। दरअसल, पिछले दिनों शो में अर्चना गौतम की लड़ाई शो के अन्य केंटेस्टेंट एमसी स्टैन के साथ हो गई थी, जिसके बाद से वह काफी परेशान हैं।

गंगानगर निवासी मॉडल व अभिनेत्री अर्चना गौतम पिछले तीन महीने से बिग बॉस के घर में हैं। घर के बाहर प्रशंसक उन्हें खूब वोट कर रहे हैं। शो में वह एक मजबूत कंटेस्टेंट के रूप में सामने आई हैं। सलमान खान भी कई बार अर्चना के व्यक्तित्व की तारीफ कर चुके हैं। शनिवार को वीकेंड के वार पर बिग बॉस ने सभी कंटेस्टेंट के घरवालों को बुलाया है, जिसमें अर्चना के घर से उनके छोटे भाई गुलशन गौतम नजर आएंगे। गुलशन ने कहा कि शो में अर्चना एकमात्र कंटेस्टेंट हैं जिनका व्यक्तित्व असली है। उनको लगातार निशाना बनाया जा रहा है।
 

12:17 PM, 07-Jan-2023

नए साल की शुरुआत से अब तक ठंड से राहत नहीं मिल रही है। पिछले पांच दिन से सर्दी और कोहरे के साथ शीत लहर ने लोगों को परेशान किया है। शुक्रवार को भी सर्द हवाओं का असर रहा। हालांकि दोपहर में धूप से 1.2 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी जरूर हुई, लेकिन शाम होते ही फिर से सर्दी का सितम बढ़ गया। 

पढ़ें पूरी खबर: Weather: पारा बढ़ा कोहरा कम, फिर न घटा सर्दी का सितम, शीतलहर से ठिठुरन बरकरार, पढ़ें- कब तक सताएगी ठंड

12:13 PM, 07-Jan-2023
Haji yaqub and son Imran - फोटो : Amar ujala

नौ महीने से पुलिस ने दिल्ली में डाला हुआ था डेरा
हाजी याकूब कुरैशी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पिछले नौ माह से दिल्ली में डेरा डाला हुआ था। लेकिन बार बार ठिकाने बदलने के कारण पुलिस को सही लोकेशन नहीं मिल पा रही थी। अब सटीक लोकेशन मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात हाजी याकूब को गिरफ्तार कर लिया। 

पढ़ें पूरी खबर: Meerut: हाजी याकूब पर कसा शिकंजा, पुलिस ने आधी रात को दिल्ली से धर दबोचे पिता-पुत्र, कोर्ट में होंगे पेश

शनिवार सुबह हाजी याकूब कुरैशी और उसके बेटे इमरान को गैंगस्टर कोर्ट में पेश किया गया था। जहां याकूब पक्ष के वकील की सारी दलीलों को खारिज करते हुए अदालत ने बाप-बेटे को 60 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा में दोनों को जेल भेज दिया गया। याकूब का एक बेटा इमरान उर्फ भूरा पहले से ही जेल में बंद है।

12:12 PM, 07-Jan-2023
हाजी याकूब कुरैशी व बेटा इमरान - फोटो : अमर उजाला

याकूब कुरैशी और बेटे इमरान पर आईजी मेरठ रेंज ने 50-50 हजार का इनाम कर दिया था, दोनों की तलाश में मेरठ पुलिस के साथ एसटीएफ भी लग गई थी। सटीक लोकेशन मिलने पर मेरठ की एसओजी टीम ने आरोपी पिता-पुत्र को शुक्रवार देर रात दिल्ली के चांदनी नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

दोनों पिता-पुत्र अपने एक रिश्तेदार के घर पर ही ठहरे हुए थे। याकूब कुरैशी और उनकी बेटे की गिरफ्तारी होने की जानकारी लगते ही याकूब के समर्थकों में खलबली मच गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिता-पुत्र को मेरठ पुलिस दिल्ली से लेकर मेरठ के खरखौदा थाना पहुंची। जहां याकूब के समर्थक भारी संख्या में जुट गए। 

एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि ने बताया कि 50-50 हजार के इनामी याकूब कुरैशी और उनका बेटा इमरान एक रिश्तेदार के घर पर छिपे हुए थे। सटीक लोकेशन और सर्विलांस की टीम साथ ले जाकर पुलिस दिल्ली गई। जहां से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

Meerut News Live: आवारा कुत्तों ने रालोद नेता के भतीजे पर बोला हमला, 8वीं तक के सभी स्कूल 12 जनवरी तक बंद

पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और बेटा इमरान कुरैशी को शुक्रवार रात दिल्ली से मेरठ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि पिता-पुत्र दिल्ली के चांदनी चौक में अपने रिश्तेदार के यहां पर छिपे थे। दोनों को पुलिस दिल्ली से मेरठ लेकर के खरखौदा थाने लेकर पहुंची। इसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

गैंगस्टर में वंचित 50 हजार के इनामी पूर्व मंत्री हाजी याकूब व उनके बेटे इमरान को शनिवार सुबह कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है समर्थकों की भीड़ जुट गई थी जिसके चलते विस्तार से पूछताछ भी नहीं हो सकी है। अब वह जेल में जाकर पिता व पुत्रों से पूछताछ करेंगे।

हाजी याकूब और बेटे इमरान पर अवैध रूप से मीट फैक्टरी संचालन का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में 50 हजार का इनाम पुलिस ने आरोपियों पर घोषित किया था। पुलिस ने याकूब के परिवार पर गैंगस्टर का मुकदमा भी पंजीकृत किया था। काफी समय से याकूब और उनके बेटे की तलाश की जा रही थी। लेकिन पता नहीं चल सका था। कई दिन से मेरठ पुलिस ने दिल्ली में डेरा डाले हुआ था। दे रात जाकर उनके बेटे को गिरफ्तार करने में पुलिस कामयाब हुई। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया याकूब को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है। जल्दी ही जेल में जाकर याकूब और उनके बेटों से पूछताछ की जाएगी।

31 मार्च 2022 को हापुड़ रोड पर याकूब कुरैशी की फैक्टरी में पुलिस ने छापा मारा था। जहां पर अवैध तरीके से मीट पैकेजिंग का काम चल रहा था। पुलिस ने याकूब कुरैशी,  उनकी पत्नी संजीदा बेगम और बेटे इमरान व फिरोज के खिलाफ सहित 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

इसके बाद मेरठ पुलिस ने याकूब कुरैशी और उनके परिवार सहित सात लोगों पर गैंगस्टर की धारा में मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। आरोपी याकूब का बेटा फिरोज कोर्ट में सरेंडर करके एक चला पहले जेल  चला गया, जबकि पत्नी संजीदा बेगम अग्रिम जमानत पर बाहर हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें