जागृति विहार एक्सटेन्शन में एक साल से चल रहे किसानों के धरना स्थल में आग लग गई। बुधवार रात अचानक दस बजे टेंट में आग लग गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे किसानों ने विरोध शुरू कर दिया। अर्जित भूमि किसान संगठन के महामंत्री भारत भड़ाना ने कहा कि धरना स्थल के पास से एक गाड़ी जाती हुई दिखी है। इसी गाड़ी ने धरना स्थल में आग लगाई है। उन्होंने आवास विकास अधिकारियों पर इस साजिश को करने का आरोप लगाया है ।
जागृति विहार एक्सटेसन सेक्टर-पांच में टेंट लगाकर धरना स्थल बनाया हुआ था। यहां काजीपुर, सरायकाज़ी आदि आसपास के किसान अपनी मांगों को लेकर बैठे रहते है। पिछले एक साल से किसानों ने आवास विकास को कोई भी विकास कार्य करने नही दिया है। इसी से आवास विकास अधिकारी भी परेशान हैं उन्हें शासन और रेरा में गए आवंटित के सवालों का जवाब देना पड़ रहा है ।
बुधवार को ही रेरा ने चार आवंटियों की शिकायत पर आवास विकास को झटका दिया है ।आवास विकास को इन आवंटियों को एक-एक लाख रुपये का प्रतिकर देना पड़ेगा। किसानों ने टेंट में लगी आग को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल थाने में तहरीर दी है। जिससे आरोपियों की पहचान हो सके।
ये है किसानों की मांग
किसान 660 रुपये प्रतिवर्ग मीटर प्रतिकर की मांग कर रहे है। वहीं, छह प्रतिशत विकसित भूखंड की मांग है। जबकि आवास विकास ने लगभग 200 से अधिक किसानों के लिए पांच प्रतिशत विकसित भूखंड का ले-आउट तैयार किया जा चुका है। इसके लिए किसानों और आवास विकास की वार्ता भी हुई थी लेकिन बेनतीजा रही थी।