मेरठ मैराथन के दौरान कुलवंत सिंह स्टेडियम में कुर्सियां तोड़ते धावक। इस दौरान खिलाड़ियों ने प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ मैराथन अव्यवस्था की भेंट चढ़ गई। फुल और हाफ मैराथन के तो विजेता तय हो गए, लेकिन ड्रीम रन, लेडीज रन और यूथ रन में हंगामे के कारण विजेता तक तय नहीं हो पाए। खिलाड़ियों ने कई घंटे तक जमकर हंगामा किया। कुर्सियां तक तोड़ डालीं।
रास्ते से खाने के पैकेट लूट लिए गए। पानी नहीं मिलने पर खिलाड़ी और उग्र हो गए। युवतियों के साथ खींचतान कर डाली। स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज तक करना पड़ा। जिला प्रशासन ने यह आयोजन एनजीओ ‘मेरा शहर, मेरी पहल’ के साथ मिलकर किया था।
रविवार सुबह साढ़े पांच बजे माल रोड स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में मुख्य आयोजन शुरू हुआ। स्टेडियम के सामने माल रोड से सुबह छह बजे फुल मैराथन शुरू हुई। सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर खिलाड़ियों को रवाना किया। 42.195 किमी की इस रेस के आधा घंटे बाद ही हाफ मैराथन जो कि 21.097 किमी की थी शुरू हुई, जिसे ब्रिगेडियर रणवीर सिंह ने रवाना किया। इन दोनों मैराथन के बाद ड्रीम रन, लेडीज रन और यूथ रन का आयोजन होना था।
इनमें भारी संख्या में रजिस्ट्रेशन हुए थे। लेकिन ड्रीम रन शुरू कराने के लिए आयोजक मंडल की तरफ से कोई माल रोड पर मौजूद नहीं था, जबकि माइक से एनाउंस हुआ कि सभी प्रतिभागी माल रोड पहुंच जाएं। ड्रीम रन के आधे से ज्यादा प्रतिभागी जहां पहले दौड़ गए, बाकी खिलाड़ी जिसमें डीएम पंकज यादव सहित तमाम अधिकारी और आयोजन मंडल के लोग भी थे वो बाद में दौड़े। पहले ड्रीम रन के खिलाड़ी रेस पूरी कर स्टेडियम पहुंच गए, लेकिन उनकी तरफ किसी ने ध्यान नहीं दिया। जिससे हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के बीच लेडीज और यूथ रन भी बगैर आयोजकों के झंडी दिखाए रवाना हो गई।
ऐसे में ड्रीम रन और यूथ रन के प्रतिभागियों ने जमकर हंगामा काटा। खिलाड़ियों की एसपी सिटी ओमप्रकाश और एडीएम सिटी एसके दूबे से तीखी नोकझोंक भी हो गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ लाठियां फटकारी तो मैदान में भगदड़ मच गयी। इससे आक्रोशित खिलाड़ियों ने मैदान में लगे पोल उखाड़ दिए और कुर्सियां तोड़ डालीं। यह हंगामा पुरस्कार वितरण तक चलता रहा। आयोजकों ने मौके पर खिलाड़ियाें को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही तकनीकी समिति से विजेताओं के नाम तय कराकर पुरस्कार वितरित किए जाएंगे और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके बाद आयोजक और अधिकारी किसी तरह से स्टेडियम से निकले।
26 को ड्रीम रन, लेडीज रन और यूथ रन 27 मार्च को
हंगामे के बाद ड्रीम रन, लेडीज रन और यूथ रन को प्रशासन ने दोबारा कराने का फैसला किया है। डीएम पंकज यादव ने बताया कि ड्रीम रन 26 मार्च को सुबह छह बजे कुलवंत सिंह स्टेडियम में ही होगी। लेडीज रन और यूथ रन का आयोजन 27 मार्च की सुबह किया जाएगा। दौड़ के लिए कोई नया रजिस्ट्रेशन नहीं होगा। ड्रीम रन, लेडीज रन और यूथ रन में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को 16 मार्च से 19 मार्च तक कैलाश प्रकाश स्टेडियम में प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। प्रतिभागी पंजीकरण की रसीद और चेस्ट नंबर लेकर आएं।