सरूरपुर (मेरठ) थाना क्षेत्र के गांव गोटका में सगोत्रीय विवाह के विरोध में रविवार को ठाकुर समाज की महापंचायत हुई। पंचायत में सगोत्र विवाह का हर हाल में विरोध करने का निर्णय लिया गया है। वक्ताओं ने सगोत्र विवाह करने पर सामाजिक बहिष्कार करने की पहल पर भी चर्चा की। युवाओं से सोशल मीडिया से दूर रहने की अपील की गई। कॉलेज जाने वाले छात्रों की दिनचर्या पर अभिभावकों को ध्यान देने पर भी जोर दिया।
कुछ दिन पहले गोटका गांव निवासी एक युवक ने पड़ोस की युवती से प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद दोनों ने एसएसपी मेरठ रोहित सिंह सजवाण के सामने पेश होकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। सगोत्रीय विवाह प्रकरण की सूचना जैसे ही ठाकुर बाहुल्य गांवों में पहुंची तो हर तरफ से विरोध में आवाजें उठाने लगीं। रविवार को गोटका गांव स्थित शिव मंदिर में महापंचायत हुई। महापंचायत में कछवाहा व सोम चौबीसी समेत, साठा-चौरासी और पुंडीर खाप समेत सभी गांवों से ठाकुर समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए। पंचायत में वक्ताओं ने युवाओं को पढ़ाई पर ध्यान देने, सोशल मीडिया से दूरी बनाने, बुजुर्गों के पास बैठने की सीख दी।
पंचायत में सभी वक्ताओं ने एक सुर में सगोत्रीय विवाह का विरोध किया। सबने कहा कि विवाह करने वालों को अलग किया जाए और लड़की को उसके परिजनों को सौंपा जाए। काफी देर चली पंचायत के बाद 21 लोगों को पंच बनाकर फैसला सुनाने का अधिकार दिया गया। पंचायत के बुलावे पर लड़के के परिजनों ने पंचों से मुलाकात की और अपनी गलती मानी। लड़के पक्ष ने गलती सुधारने के लिए पांच दिन का समय मांगा है। वहीं, पंचायत का कहना है कि यदि लड़का पक्ष अपनी भूल सुधार नहीं करेगा तो उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। मामले में अगली कार्रवाई पांच दिन का समय बीतने के बाद ही की जाएगी।
महापंचायत की अध्यक्षता बुद्ध सिंह महाशय तथा संचालन मास्टर अशोक पंवार ने किया। पंचायत में पूर्व विधायक संगीत सोम, ब्लॉक प्रमुख मनोज चौहान, जिला पंचायत सदस्य सुनील आक्खेपुर, श्याम सिंह, तेजवीर सिंह, जनम सिंह, सुनील सोम, प्रताप पुंडीर, मोंटी सोम, मुखराम सिंह, जसवीर शर्मा व अरुण ठाकुर समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य मौजूद रहे।