मेरठ में महमूद उल हक रोड निवासी एक वकील ने बड़ा कारनामा कर दिया। आपसी विवाद में पड़ोसियों को फंसाने के लिए उसने उनके नाम से कोतवाली थाने में धमकी भरी चिट्ठी भेज दी। इसमें माफिया अतीक और उसके भाई की हत्या का बदला लेने के लिए मुख्यमंत्री, एसटीएफ चीफ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। साथ ही एसएसपी को भी चेतावनी दी गई। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी वकील ओसामा उर्फ मून को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, कुछ दिन पहले कोतवाली थाने में डाक के माध्यम से एक चिट्ठी भेजी गई। इस पर भेजने वाले का नाम हाफिज तनवीर और बिलाल निवासी पडियान बनी सराय महमूद उल हक रोड लिखा था। चिट्ठी में लिखा था कि हम दोनों पूरे होशोहवास में हैं। अतीक अहमद, भाई अशरफ अहमद और असद को जान से मारने में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हाथ है। चिट्ठी भेजने वाले ने मुख्यमंत्री, एसटीएफ चीफ अमिताभ यश को जान से मारने की धमकी दी थी।