फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut: हस्तिनापुर को झटका, पानीपत के लिए नहीं मिला धन, मेरठ-मुजफ्फरनगर आंशिक दोहरीकरण को हरी झंडी

Sat, 04 Feb 2023 12:22 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

शुक्रवार को बजट की पिंक बुक जारी हुई तो उम्मीद को तगड़ा झटका लगा। पिंक बुक में इस रेलमार्ग की जिक्र तक नहीं किया गया। हालांकि जिले के लोगों के लिए बस अच्छी खबर यही है कि मेरठ-मुजफ्फरनगर के बीच रेल मार्ग का लंबित आंशिक दोहरीकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन
प्रस्तावित मेरठ पानीपत रेल लाइन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आम बजट के बाद जारी की गई रेलवे की पिंक बुक में मेरठ-हस्तिनापुर-बिजनौर रेल मार्ग की मांग को तगड़ा झटका लगा है जबकि मेरठ-पानीपत रेल लाइन का भी प्रावधान तो हुआ लेकिन बजट में धन आवंटित नहीं किया गया है। फिलहाल बस अच्छी खबर यह है कि मेरठ-मुजफ्फरनगर रेल मार्ग के आंशिक दोहरीकरण को हरी झंडी मिली है।  

विज्ञापन


कई सालों से मेरठ से हस्तिनापुर और बिजनौर तक रेलवे लाइन की मांग उठ रही है। 63.5 किमी. रेल लाइन के लिए हुए सर्वे को जनप्रतिनिधियों ने रेल मंत्री के साथ दिल्ली में देखा। उन्होंने बताया सर्वे में विदुर कुटी, शुक्रताल व हस्तिनापुर में ट्रेन रुकेगी। इससे शहरवासियों को यकीन हुआ कि बजट में बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होगी।

शुक्रवार को बजट की पिंक बुक जारी हुई तो उम्मीद को तगड़ा झटका लगा। पिंक बुक में इस रेलमार्ग की जिक्र तक नहीं किया गया। 104 किमी. लंबा मेरठ-पानीपत रेलवे ट्रैक बिछाने का उल्लेख है लेकिन उसके लिए बजट में धन आवंटित नहीं किया गया है। इससे माना जा रहा कि छह वर्षों की तरह आगामी वित्तीय वर्ष में इस  इस रेलमार्ग के लिए जमीन पर कोई काम होता नजर नहीं आएगा। 
विज्ञापन


जनप्रतिनिधियों का कहना है कि मेरठ-पानीपत रेल मार्ग का प्रावधान बजट में तब से होता आ रहा है, जब रेल मंत्री मनोज सिन्हा थे। ऐसे में इस योजना के पूरे होने की बात यकीन से नहीं कही जा सकती। जिले के लोगों के लिए बस अच्छी खबर यही है कि मेरठ-मुजफ्फरनगर के बीच रेल मार्ग का लंबित आंशिक दोहरीकरण का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए बजट में धन आवंटित कर दिया गया है। 

खत्म होंगे रेलवे क्राॅसिंग, बनेंगे 27 पुल और 27 अंडरपास
अब जिले की अधिकांश रेलवे क्राॅसिंग बंद करने के लिए कहीं पर पुल तो कहीं अंडरपास बनेंगे। ताकि ट्रेन के आवागमन के क्राॅसिंग के फाटक बंद नहीं किए जाएं और लोगों का आवागमन भी बाधित नहीं होगा। इसके तहत खुर्जा व सहारनपुर रेल मार्ग पर 27 पुल व 27 अंडरपास बनेंगे।

सिटी-छावनी स्टेशन के बीच रेलवे क्रासिंग एमएच रेलवे क्रॉसिंग, ग्रास फार्म रेलवे क्रासिंग और कासिमपुर हैं। जब भी ट्रेन का आवागमन होता है, तभी तीनों क्राॅसिंग बंद होते हैं। तीनों क्रासिंग के बीच ज्यादा दूरी नहीं है इसलिए लोगों को काफी दिक्कत होती  है। इसके चलते अब रेलवे तीनों क्रासिंग पर पुल बनवाएगा। मेरठ सिटी-हापुड़ के बीच दो ऊपरगामी पुल, मेरठ छावनी-सहारनपुर के बीच 19 सड़क पुल, दो क्राॅसिंग पर अंडरपास, खुर्जा-मेरठ सिटी क्राॅसिंग पर तीन पुल, मेरठ सिटी-खुर्जा रेलमार्ग पर पांच अंडरपास, मेरठ सिटी-खुर्जा क्राॅसिंग पर 20 एकल अंडरपास बनेंगे। ब्यूरो

अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा सिटी स्टेशन   
अम्ब्रेला बजट (विभिन्न कार्यों के लिए एक मुश्त बजट राशि) से सिटी स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। अफसरों का कहना है कि फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो गई है। जल्द ही पूरी रिपोर्ट पीएमओ जाएगी और स्वीकृति के बाद एस्टीमेट बनाकर टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। दिल्ली रेल मंडल के डीआएम रिंपी गर्ग ने बताया कि सब कुछ सही रहा तो मई-जून तक सिटी स्टेशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
 

कैंट पर एस्केलेटर की उम्मीद को विराम
रेलवे बजट में प्रावधान किया गया है कि जिन स्टेशनों पर 25 घंटे में औसतन 25 हजार यात्रियों का आवागमन होता है, वहीं एस्केलेटर लगेगा। ऐसे में कैंट स्टेशन पर एस्केलेटर लगने की उम्मीद खत्म हो गई है।

चर्चा करेंगे और करवाएंगे काम : सांसद
यह बात सही है कि बजट में मेरठवासियों की मेरठ-हस्तिनापुर-बिजनौर रेल लाइन की उम्मीद पूरी नहीं हुई है, मगर यह काम जल्द कराया जाएगा। फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा होने के बाद रेल मंत्री से बात की जाएगी। मेरठ-पानीपत रेल मार्ग बिछाने के लिए इस बार भी बजट में धन नहीं दिया है। लगातार प्रयास किए जाएंगे। - राजेंद्र अग्रवाल, सांसद

दिवाना, एलम और दौराला होंगे जंक्शन
मेरठ-पानीपत नई रेल लाइन बजट अवमुक्त होने पर छह साल में तैयार होगी। इस रेल लाइन पर पानीपत के दिवाना, शामली के एलम और मेरठ के दौराला स्टेशन जंक्शन बनाए जाएंगे। मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन की मांग 25 साल से है। रेलमंत्री रहते ममता बनर्जी ने इसके सर्वे की घोषणा की थी। वर्ष 2015 के आम बजट सत्र में तत्कालीन भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन, दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग के दोहरीकरण व विद्युतीकरण, कैथल, करनाल, शामली होकर मेरठ तक नई रेलवे लाइन का मुद्दा उठाया था।

92 किमी लंबी बिछेगी रेल लाइन
पूर्व में बनी डीपीआर के मुताबिक 104 किमी लंबा मेरठ-पानीपत रेलवे मार्ग दौराला से लेकर पानीपत के दिवाना तक बिछाई जाएगी। इसके तहत पानीपत जंक्शन से ट्रेन दीवाना, शिमला गुजरान, बापौली, शामली के तितरवाड़ा, गंगेरू, एलम, मुजफ्फरनगर के राजपुर छाजपुर, जौला, बुढ़ाना, मुल्हेड़ा, सरधना से दौराला आएगी। दीवाना रेलवे स्टेशन पर यह नई रेलवे लाइन क्रॉस करेगी। शामली के एलम में दिल्ली-शामली-सहारनपुर रेलवे मार्ग को क्रॉस कर सरधना से होते हुए दौराला में दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून रेलवे मार्ग को क्रॉस करेगी। इस रेलवे लाइन पर 12 रेलवे स्टेशन और तीन जंक्शन होंगे।
 
विज्ञापन

तीन नदियों पर बनेंगे पुल
मेरठ-पानीपत रेलवे लाइन पर कैराना में यमुना, शामली में कृष्णा और हिंडन नदी पर नए पुल बनाए जाएंगे।

बजट में ये मिला
-मेरठ-पानीपत के बीच 104 किमी. रेल ट्रैक बिछेगा
-मेरठ-मुजफ्फरनगर 55.47 किमी. रेल ट्रैक का आंशिक दोहरीकरण
-मेरठ सिटी-हापुड़ क्राॅसिंग सख्या 52 के बदले ऊपरी पुल दो लेन
-मेरठ छावनी-सहारनपुर के बीच क्राॅसिंग संख्या 48, 55, 56, 62, 68, 69, 30, 83, 45, 75, 78, 70, 71, 42, 43, 46, 32, 34, 41 की जगह पुल
-मेरठ छावनी-सहारनपुर के बीच क्राॅसिंग पर दो लेन अंडरपास
-खुर्जा-मेरठ सिटी के बीच क्राॅसिंग संख्या 5, 11, 16 पर पुल
-मेरठ सिटी-खुर्जा के बीच क्राॅसिंग पर पांच जगह अंडरपास
-मेरठ सिटी-खुर्जा के बीच 20 क्राॅसिंग पर एकल अंडरपास

फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा नहीं हुआ : डीआरएम 
मेरठ-हस्तिनापुर-बिजनौर रेल लाइन बिछाने के लिए होने वाला फाइनल लोकेशन सर्वे अभी पूरा नहीं हुआ है। यह सर्वे पूरा होने के बाद उसकी तकनीकि स्तर से जांच के बाद स्वीकृति होगी। इसके बाद डीपीआर बनाई जाएगी। चूंकि इस प्रोजेक्ट के लिए काफी बजट चाहिए इसलिए अम्ब्रेला बजट से तो संभव नहीं होगा। रेलमंत्री के स्तर से बजट स्वीकृत करने के बाद काम  होगा। -रिंपी गर्ग, डीआरएम दिल्ली मंडल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें