मेरठ में गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि गन्ने की घटतौली पकड़ने वाले किसानों को सरकार की ओर से इनाम दिया जाएगा। इसके लिए मिलों व सेंटरों के बाहर बोर्ड भी लगाए जाएंगे, जिससे किसान जागरूक हो सके। मंत्री गुरुवार को सर्किट हाउस पहुंचे जहां उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए यह बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि गन्ने से घटतौली शब्द को पूरी तरह से समाप्त करना ही उनका उदेश्य है। इसके लिए उन्होंने एक कमेटी भी घटित की जिसमे हर जिले में एक एसडीएम, बांट माप तोल निरीक्षक और जिला गन्ना अधिकारी शामिल होंगे। वह सेंटरों और मिल दोनों के कांटों की जांच करेंगे।
मिलों को 30 दिसंबर तक भुगतान के निर्देश
मंत्री ने मंड़ल की सभी 17 मिलों के प्रबंधक और विभाग के अधिकारियों के साथ सर्किट हाउस में बैठक भी की। उन्होंने कहा जिन मिलों ने भुगतान नही किया है वह हर हाल में 30 दिसंबर तक भुगतान करें। इसके लिए मिल अधिकारियों से शपथ पत्र भी लिए गए। उन्होंने मिलों पर एथनॉल बनाये जाने पर भी जोर दिया। कहा जो मिल आर्थिक रूप से कमजोर है वह शुगर कम एथनॉल पर अधिक ध्यान दे। इस पर पाँच और फैक्टरियों में एथनॉल के प्लांट लगे हैं। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी दुष्यन्त कुमार सहित आदि अधिकारी मौजूद रहे।
बिजनौर से शुरू होगा पेराई सत्र का शुभारंभ
मंत्री ने कहा कि शुक्रवार को वह बिजनौर से प्रदेश में पेराई सत्र का शुभारंभ करने जा रहे है। कोशिश है कि 2 नवम्बर तक किसानों का गन्ना लेना शुरू कर दिया जाए।