टेंपो में लटककर सफर करने को मजबूर
मेरठ डिपो में आए फाल्ट के चलते दो दिन से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बंद है। इसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मवाना के रामपाल, कृष्णचंद्र, विशाल, मोहित ने बताया कि टेंपो में लटककर सफर करने के लिए मजबूर हैं। मेरठ से मवाना के लिए काफी संख्या में प्रतिदिन लोग इन्हीं बसों में सफर करते हैं। दो दिन से बसों का संचालन बंद होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
घंटों के इंतजार के बाद रोडवेज बसों या प्राइवेट बसों के सहारे तथा कुछ लोग जान पर खेलकर थ्रीव्हीलर आदि से सफर करने को विवश हैं। कहने को तो मवाना में रोडवेज बस स्टैंड है, लेकिन इस रोडवेज बस स्टैंड से परिवहन की एक भी बस दिन में संचालित नहीं होती है। मवाना रोडवेज बस स्टैंड के प्रभारी सुभाष का कहना है कि दिन के समय मवाना रोडवेज बस स्टैंड से कोई बस संचालित नहीं होती है। जो बसें रात को यहां रुकती हैं, वे ही सुबह के समय यहां से चलती है। दिन के समय हस्तिनापुर आदि से आने वाली बसों में लोग सफर करते हैं। मेरठ इलेक्ट्रिक बसों के मैनेजर मदन मोहन का कहना था कि फाल्ट के चलते बसें रिचार्ज नहीं हो सकी हैं।
आज ठीक हो सकता है
आज फाल्ट ठीक होने की संभावना है। बसों का संचालन दोपहर तक शुरू हो जाएगा। इसके लिए कंपनी के कर्मचारी लगे हुए हैं। -केके शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम मेरठ