साइबर अपराधियों ने ग्रुप कैप्टन आरके गुप्ता के निधन के बाद उनकी पत्नी वीना गुप्ता को वन रैंक वन पेंशन का एरियर दिलाने का झांसा देकर 4.70 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़िता ने पल्लवपुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पति की मौत के बाद पेंशन ही वीना का सहारा है।
पल्लवपुरम निवासी ग्रुप कैप्टन आरके गुप्ता के निधन के बाद उनकी पत्नी वीना गुप्ता के बंगलूरु स्थित केनरा बैंक के खाते में पेंशन आती है। उनका वन रैंक वन पेंशन का एरियर बकाया था। जिसके भुगतान के लिए वह प्रयास कर रही थीं। इसी दौरान उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को अधिकृत अधिकारी बताकर एरियर दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद उनके मोबाइल में कुछ एप इंस्टाल करा दिए। एप इंस्टाल होने के बाद साइबर ठग ने उनके खाते से 4.70 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Cyber Crime
- फोटो : Freepik
महिला चिकित्सक को फर्जी मेसेज भेजकर एक लाख ठगे
पल्लवपुरम फेस-2 निवासी महिला चिकित्सक को साइबर अपराधियों ने फर्जी मेसेज भेजकर एक लाख रुपये ठग लिए। डॉ. स्वेता राणा ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कुछ दिन पहले एक व्यक्ति ने उन्हें कॉल की। खुद को उनका परिचित बताकर उनके खाते में रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। इसके बाद उनके पास फर्जी मेसेज भेजे। जिनसे उन्हें लगा कि उनके खाते में रुपये जमा हुए हैं। बाद में जब उन्होंने बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उनके खाते से तीन बार में करीब एक लाख रुपये निकाल लिए गए हैं। उन्होंने अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
Cyber Crime
- फोटो : Freepik
आधार और पैन लिंक कराने का झांसा देकर 8 लाख ठगे
आधार और पैन कार्ड लिंक कराने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने युवक के बैंक खाते से 8 लाख रुपये निकाल लिए। मोदीपुरम की शील कुंज निवासी देवांश कौशिक ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनके पाास कुछ समय पूर्व एक व्यक्ति ने कॉल करके खुद को बैंककर्मी बताया। उसने कहा कि आपके खाते में बैलेंस कम है। आपके सभी खाते पैन नंबर और आधार से लिंक होने हैं। हम आपको लिंक भेज रहे हैं। जिससे आधार से पैन लिंक हो जाएंगे। अपने खातों में न्यूनतम बैलेंस डालें अन्यथा सारे खाते ब्लॉक कर दिए जाएंगे। इसके बाद उनके पास लिंक आते रहे, वह क्लिक करते रहे। सारे लिंक फेल होते रहे। बाद में जब उन्होंने बैलेंस चेक किया तो उनके खाते से करीब 8 लाख रुपये निकाले जा चुके थे।
धोखाधड़ी कर युवक के खाते से 1.94 रुपये निकाले
साइबर अपराधियों ने युवक के खाते से 1.94 लाख रुपये निकाल लिए। रुड़की रोड रोशनपुर डौरली निवासी विशाल सिंह के बैंक खाते से श्री श्याम ट्रेडिंग कंपनी के बैंक खाते में एक बार 83 हजार और एक बार 1.11 लाख रुपये की ट्रांजेक्शन की गई। जबकि उन्होंने कोई ट्रांजेक्शन नहीं की। किसी ने धोखाधड़ी कर यह रकम ट्रांसफर की है। उन्होंने अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।