दस करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में अगस्त 2025 को जेल भेजी गई चीनी महिला एलिस ली उर्फ टेंग ली को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी जेल में रहना पड़ रहा है। एलिस को स्थानीय जमानती नहीं मिल पा रहे हैं। इसके चलते उसे जेल से रिहा नहीं किया गया है।
एलिस वर्ष 2019 में बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और कंपनी में कैश हैंडलर के रूप में कार्यरत बताई गई थी। वह नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र की एक सोसाइटी में रह रही थी। ग्रेटर नोएडा की एक कंपनी में 10 करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में जीएसटी विभाग ने एलिस को 27 अगस्त को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। इसके बाद उसे जेल भेज दिया था। इसके बाद से वह मेरठ जिला कारागार में है।
बताया गया है कि दस दिन पहले उसकी जमानत कोर्ट ने मंजूर कर ली लेकिन उसे जमानती नहीं मिल पा रहे हैं। इस संबंध में जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा का कहना है कि महिला को स्थानीय जमानती नहीं मिल पा रहे हैं। विदेशी नागरिकों की जमानत मान्य नहीं है।