मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच के आंदोलन की अगुवाई करने वाली मेरठ बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के चुनाव में आज मतदान होगा। इसमें 3406 अधिवक्ता अपने मतों का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह नौ से शाम पांच बजे तक पंडित नानक चंद सभागार में किया जाएगा। मतगणना बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से शुरू होगी। यह परिणाम आने तक चलेगी। मतदान के समय पहचान पत्र अनिवार्य होगा और मोबाइल के साथ प्रवेश वर्जित होगा। चुनाव में अध्यक्ष पद पर पांच उम्मीदवार और महामंत्री पद पर चार उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने मुद्दों पर अधिवक्ताओं से दलबल के साथ मंगलवार को वोट मांगे।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का एजेंडा
कुंवरपाल शर्मा : हाईकोर्ट बेंच स्थापना को लेकर बिना हड़ताल कार्य प्रणाली मजबूत की जाएगी। अदालतों में अवकाश पर रोक लगाते हुए कार्य का समय बढ़ाया जाएगा। युवा अधिवक्ताओं के साथ कोई भी दुर्घटना होने मदद को लेकर बीमा लागू किया जाएगा।
राम कुमार शर्मा : अधिवक्ताओं के लिए पुस्तकालय और आर्थिक सहायता का प्रबंध किया जाएगा। न्यायपालिका के उचित कार्य करने पर जोर दिया जाएगा। हाईकोर्ट बेंच की मांग को मजबूत करते हुए कार्य दिवस बढ़ाए जाएंगे।
रवि कुमार रस्तोगी : प्रत्येक अधिवक्ता की समस्या को गंभीरता से निस्तारित कराया जाएगा। कचहरी में सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
सुशील कुमार गुप्ता : कार्य दिवस बढ़ाते हुए बार और बेंच में बेहतर माहौल किया जाएगा। युवा अधिवक्ताओं के लिए चेंबर बनवाए जाएंगे। पार्किंग व्यवस्था ठीक की जाएगी। लॉ चैंबर्स बिल्डिंग का निर्माण कराया जाएगा।
सतीश कुमार शर्मा : अधिवक्ताओं के लिए अधिक से अधिक चैंबर बनाने, परीक्षा कार्यालय शुरू करने, सुरक्षा व्यवस्था, बार की आय बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। अधिवक्ताओं को मेडिकल, बीमा सहित अन्य सुविधाएं दिलाई जाएंगी।
महामंत्री पद के उम्मीदवारों का एजेंडा
चौधरी सतीश कुमार (बनत) : पार्किंग व्यवस्था के साथ ग्रुप हाउसिंग सोसायटी की व्यवस्था की जाएगी। कार्य दिवस बढ़ाए जाएंगे। अधिवक्ताओं की सभी समस्याओं का निस्तारण शीघ्रता से कराया जाएगा।
कुशलपाल सिंह (मलिक) : हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को आंदोलन मजबूत किया जाएगा। कचहरी में भ्रष्टाचार मुक्त माहौल बनाने का प्रयास किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
परवेज आलम : ई-लाईब्रेरी शुरू कर कचहरी में वाईफाई, सुलभ शौचालय, चिकित्सा व्यवस्था, फोटोस्टेट व टाईिपंग व्यवस्था, युवा अधिवक्ताओं को आर्थिक मदद जैसे कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे।
विनोद कुमार चौधरी : कार्य दिवसों में बढोत्तरी, युवा अधिवक्ताओं को आर्थिक सहायता, कचहरी में पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।