मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र में खिर्वा जलालपुर गांव निवासी किसान को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगने से वह घायल हुआ है। बताया गया कि युवक बाग में पानी लगाने गया था। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है, पूरे मामले में जांच पड़ताल जारी है।
मेरठ से सटे सरधना में सोमवार को एक किसान को दिनदहाड़े बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल कर घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया है। वारदात के बाद मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
जानकारी के अनुुसार खिर्वा जलालपुर गांव निवासी युवक मिशम पुत्र समीम हैदर उर्फ भूरे को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। गोली लगते ही मिशम जान बचाकर अपने घर की ओर दौड़ पड़ा लेकिन सड़क के किनारे आकर जमीन पर गिर गया।
खून से लथपथ युवक को देखकर राहगीर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर बदमाशों की काफी तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
परिजनों के अनुसार घायल मिशम को मेरठ के आनंद हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक की छाती में गोली लगी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सीओ सरधना आरपी शाही भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की।