मेरठ विकास प्राधिकरण में ग्राहक अपने आवास या अन्य भवनों का नक्शा आनलाइन पास करा सकेंगे। शनिवार को विभाग की ओर से वेबसाइट लांच कर दी गई। www.upobps.com वेबसाइट पर जाकर ग्राहक नक्शा पास कराने की प्रक्रिया को आसानी से पूरा कर सकेंगे। ग्राहकों को वेबसाइट पर भूखंड की पूरी जानकारी देनी होगी। इसके बाद ग्राहक खुद या आर्केटेक्ट द्वारा नक्शा वेबसाइट पर अपलोड करेगा। इसके बाद ग्राहक को एचडीएफसी बैंक द्वारा नक्शा पास कराने को लेकर रकम जमा करने का विकल्प आएगा। प्राइवेसी के लिए ग्राहक के मोबाइल पर ओटीपी के बाद ही रकम जमा हो सकेगी। प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ग्राहक को कोई शिकायत है तो 48 घंटों में विभाग में जानकारी देनी होगी। इस दौरान कोई भी शिकायत या जानकारी विभाग में नहीं दी तो स्वत: नक्शा पास हो जाएगा। आनलाइन सुविधा से ग्राहकों को ऐसे अधिकारियों से निजात भी मिलेगी जो नक्शा पास कराने के लिए सुविधा शुल्क लेते थे। मेरठ विकास प्राधिकरण के वीसी साहब सिंह ने बताया कि इस कदम से विभाग पर ग्राहकों का विश्वास बढ़ेगा। इस दौरान विपुल सिंघल, कमल ठाकुर, अतुल गुप्ता, एसके शर्मा मौजूद रहे।