मई में पहली बार दिन का तापमान 41 डिग्री के पास पहुंच गया। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा सा छा गया। हालांकि शाम के समय तेज हवा ने राहत दी।
मौसम में उतार चढ़ाव के बीच शनिवार सुबह से ही सूरज के तेवर तल्ख हो गए थे। दस बजे के बाद गर्मी काफी बढ़ गई थी। गर्मी के बीच मौसम बदलता गया और तापमान चढ़ता गया। लू के थपेड़ों के चलते शहरवासी परेशान थे। शाम को सूरज ढलने के बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी। तापमान पहली बार 41 के पास पहुंचा तो दोपहर में सड़कों पर भी रौनक कम दिखाई दी। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 51 व न्यूनतम 19 प्रतिशत दर्ज की गई। एक दिन पहले की अपेक्षा दिन के तापमान में 3 डिग्री और रात के तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी तापमान के 41 डिग्री तक पहुंचने के आसार बन रहे हैं। शनिवार को भी तापमान सबसे अधिक रहा तो गर्मी भी बढ़ गई। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि आने वाले 24 घंटे में वेस्ट यूपी के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी और तेज हवा चल सकती है।