मेरठ। बारिश में गुल हुई शहर की बिजली व्यवस्था अभी तक पटरी पर नहीं आ सकी है। बृहस्पतिवार को हुए फाल्ट शुक्रवार तक अटैंड किए जा सके। शुक्रवार को बारिश के चलते फिर से फाल्ट हो गए। इससे कई बिजलीघर क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। बृहस्पतिवार को हुई भारी बारिश के चलते शहर के एक दर्जन से ज्यादा बिजलीघर क्षेत्रों में फाल्ट हुए थे। इनमें से कई फाल्ट तो देर शाम तक ठीक कर लिए गए थे, लेकिन बड़े फाल्ट ठीक नहीं हो सके थे। उपभोक्ताओं को अन्य बिजलीघरों की लाइन से शिफ्ट वाइज आपूर्ति की जा रही थी। शुक्रवार सुबह ये फाल्ट ठीक करके आपूर्ति सामान्य कर दी गई, लेकिन शुुक्रवार को हुई बारिश में फिर से कई जगह फाल्ट हो गए। लिसाड़ी रोड, लिसाडी गेट, विकासपुरी, नौचंदी, टाउन हाल, मेडिकल, लेडीज पार्क, सेंट लुक्स, पुरानी मोहनपुरी, पुराना आरटीओ, एमईएस, रेलवे रोड आदि बिजलीघर क्षेत्र में 11 केवी लाइन में फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। बारिश बंद होने पर लाइन स्टाफ ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट ढूंढकर ठीक किए। देर शाम तक ही बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। अधीक्षण अभियंता शहर एके पाठक ने बताया कि बारिश के चलते लाइन ब्रेकडाउन हो रही है। फाल्ट तेजी से ठीक कराकर आपूर्ति सामान्य कराई गई है।