मेरठ। लॉकडाउन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए प्रशासन अलर्ट हो गया है। डीएम अनिल ढींगरा के निर्देश पर बुधवार सुबह करीब तीन बजे मजिस्ट्रेट और सीओ ने नवीन मंडी पहुंचकर सभी को चौंका दिया। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के लिए 24 घंटे मजिस्ट्रेट लगाकर जनपद में निगरानी कराई जा रही है। इसी क्रम में नवीन मंडी में सब्जी एवं फल व्यापारियों के बीच सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए निरीक्षण किया गया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट कमलेश गोयल और सीओ चक्रपाणि त्रिपाठी मंडी पहुंचे। ये अधिकारी रोजाना समय बदल बदलकर आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। जिससे सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग बनी रहे। उन्होंने हर हाल में डिस्टेंसिंग के साथ आढ़त करने के निर्देश दिए।