मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पुलिस के डायल 112 वाहन की छत पर बैठकर कूदते हुए एक युवक का वीडियो वायरल हुआ है। फिल्मी स्टाइल रील बनाकर वायरल किए गए वीडियो में पुलिसकर्मी नदारद हैं। वहीं, लोग रील को लेकर पुलिसकर्मियों पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पुलिस व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाने के लिए पुलिस बेड़े में डायल 112 वाहनों को शामिल किया गया था। नियमानुसार डायल 112 के वाहन पर 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं और अपने थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर लाइक पाने के लिए आरोपी युवक ने रील इस वाहन पर ही रील बनाकर वायरल कर दी है।
वीडियो में 112 पुलिस वाहन के पास कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं है। वायरल रील शताब्दीनगर की बताई जा रही है। हालांकि अमर उजाला यह पुष्टि नहीं करता कि यह रील कहां की है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक और गाड़ी कहां की है, इसकी जांच कराई जा रही है। इसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।