बारिश से बढ़ जाता है संक्रामक बीमारियों का खतरा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है। आने वाले दिनों में भी बारिश का अनुमान है। ऐसे में अगर लापरवाही बरती तो संक्रामक बीमारियां पैर पसार सकती हैं। लिहाजा एहतियात बरतने की जरूरत है।
बारिश की फुहारों से गर्मी से तो कुछ राहत मिलती है, लेकिन लापरवाही की जाए तो बरसात का सुहाना मौसम अपने साथ अनेक बीमारियां भी लाता है। कालरा, पेचिस, दस्त, गैस्ट्रोइंट्राइटिस, फूड प्वॉयजनिंग, बदहजमी के साथ मलेरिया, वायरल फीवर, डेंगू, चिकुनगुनिया, आंखों में कन्जेक्टवाइटिस, पीलिया, टाइफाइड बुखार और फोड़े-फुंसी एवं अन्य अनेक रोगों के आक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। फिजिशियन डॉ. तनुराज सिरोही ने बताया कि बारिश के मौसम में कुछ सावधानियां अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है। इन मौसम में पानी के प्रदूषित होने की आशंका ज्यादा होती है। इस मौसम में बैक्टीरिया और वायरस भी तेजी के साथ पनपते हैं। भोजन बहुत जल्दी प्रदूषित हो जाता है।
फिजिशियन डॉ. विश्वजीत बैंबी ने बताया कि गंदगी और जलभराव के कारण मच्छर तेजी के साथ पनपते हैं, जिससे मलेरिया और डेंगू बुखार का खतरा बढ़ जाता है। डेंगू मादा एडीज इजिप्टी नामक मच्छर से फैलता है। इसमें तेज बुखार, सिर दर्द, आंखों के पिछले हिस्से में दर्द, जी मिचलाना और उल्टी आना, जोड़ों और मांसपेशियों में ऐंठन और अकड़न रहती है। इसके अलावा त्वचा पर चक्कते उभरना शारीरिक कमजोरी एवं थकान आदि लक्षण होते हैं। यह लक्षण पाए जाने पर तत्काल चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए।
सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि जिला और नगर मलेरिया विभाग मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और एन्टी लार्वा स्प्रे करा रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सुपाच्य खाना खाएं और कुछ अन्य सावधानियां अपना लें तो बीमारियों से बचा जा सकता है।
ये बरतें सावधानियां
घर के गमलों को अच्छी तरह से साफ करें
घर में पानी न इकट्ठा होने दें, जिससे मच्छर न पनप सकें
शरीर पर पूरे कपड़े पहनें
आसपास की साफ-सफाई पर ध्यान दें
मच्छरदानी लगाकर सोना चाहिए
साफ पानी पीएं
बासी भोजन, खुले एवं कटे फल, खुली चाट-पकौड़ी एवं भोजन का इस्तेमाल न करें
बाजार के पैक्ड खाने-पीने वाली वस्तुओं से बचें
दस्त आदि होने पर तत्काल ओआरएस का घोल लेना शुरू कर दें