रोहटा। थाना क्षेत्र के थिरोठ गांव में शनिवार की रात नकाबपोश आधा दर्जन बदमाशों ने कमेटी संचालक के घर में घुसकर पांच लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर हमलावरों ने फायरिंग की और नोटों से भरा बैग लेकर जंगल में फरार हो गए। दिनभर पुलिस घटना को लीपापोती करने में जुटी रही। हालांकि देर शाम अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव थिरोठ निवासी फईमु पुत्र महमूद गांव में कमेटी डालने का काम करता है। 30 माह की लाटरी 30 लोगों ने मिलकर डाल रखी थी। शनिवार को लाटरी का अंतिम मौका था। सभी को एक-एक कर रकम लौटानी थी। मैराज के घर में मस्जिद के पास कमेटी के सभी सदस्य अपने ऊपर देय धनराशि का हिसाब कर जमा करने के लिए एक-एक कर एकत्र होते गए। रात करीब साढ़े 11 बजे तक अधिकतर लोगों ने ली गई रकम लौटा दी। तीन-चार लोगों ने घर से देय धनराशि लेकर आने की बात कही। जब वह वहां से निकले तो कुछ देर बाद ही नकाबपोश हथियारंबंद आधा दर्जन अज्ञात बदमाश मैराज के घर में आ धमके और हथियारों के बल पर आतंकित कर सभी को अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने हवाई फायरिंग की। अन्य ने कनपटी पर पिस्टल तानकर नोटों से भरा बैग लूट लिया और मकान की बाहर से कुंडी बंद कर हवाई फायरिंग करते हुए जंगल के रास्ते फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची। जानकारी लेकर जंगल में कांबिंग की। लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। दिनभर पुलिस मामले को दबाने में जुटी रही। हालांकि बाद मे मैराज पुत्र चव्वा की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा। दो युवकों को शक के आधार पर उठाया है। पूछताछ की जा रही है।