चंदक क्षेत्र में बालावाली के पास कैमरे में कैद हुआ गुलदार। स्रोत ग्रामीण
अफजलगढ़ (बिजनौर)। गांव माननगर में लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है। गुलदार ने देर रात एक बिल्ली कोमार डाला। बस्ती में गुलदार की आमद से भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाए जाने की मांग की है।
गांव निवासी जसराम, रंजीत, हेमराज, गोविंद, कृष्णा, पिंटू व जोगेंद्र आदि का कहना है कि गुलदार जंगल में लगातार दिखाई दे रहा है। गुलदार शिकार की तलाश में बस्ती के बीच आ रहा है। मंगलवार की रात गुलदार ने एक बिल्ली को मार डाला। बिल्ली के शोर पर जब ग्रामीणों ने उठकर देखा तो उन्हें गुलदार नजर आया। गुलदार देख ग्रामीण भयभीत हो गए। उन्होंने शोर मचाकर गुलदार को जंगल में भगाया। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार एक सप्ताह से गांव में मंडरा रहा है। ग्रामीण देर सवेर घर से निकलते व आने जाने से भी कतरा रहे हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को पकड़वाए जाने की मांग की है। इस संबंध में वन दरोगा जगत सिंह राणा ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने तथा शीघ्र समस्या का समाधान कराने की बात कही है।